कैथल। अग्निशमन विभाग की ओर से जिले के कोचिंग सेंटर और होटलों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान एनओसी और अन्य खामियां मिलने पर 42 कोचिंग सेंटरों और 30 होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इन सभी संस्थानों में निरीक्षण के दौरान आग से बचाव के इंतजामों में लापरवाही और जरूरी दस्तावेजों की कमी पाई गई है। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन संस्थानों को नोटिस दिया गया है, उन्हें अपनी कमियां सुधारने के लिए ठीक एक महीने का समय दिया गया है। समय सीमा के भीतर संस्थानों को फायर एनओसी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज पूरे करने होंगे और परिसर में अग्निशमन उपकरण दुरुस्त करने होंगे।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यदि एक महीने के भीतर जवाब या सुधार संतोषजनक नहीं मिला, तो अंतिम चेतावनी के रूप में दूसरा नोटिस जारी किया जाएगा।
मुख्यालय भेजी जाएगी फाइल : दूसरे नोटिस की अवधि बीत जाने के बाद भी यदि किसी संस्थान ने फायर सेफ्टी के मानकों को पूरा नहीं किया, तो उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई होगी। ऐसे कोचिंग सेंटरों और होटलों की फाइल तुरंत अंतिम कार्रवाई और सीलिंग की सिफारिश के साथ मुख्यालय भेज दी जाएगी। संस्थानों को बंद करने और उनके लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।