संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वीरवार को नगर पालिका की टीम ने सुपरवाइजर सोमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने में 26 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
सुपरवाइजर सोमप्रकाश शर्मा ने बताया कि नगर पालिका सचिव के निर्देश पर स्वच्छता सर्वेक्षण के मद्देनजर शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके तहत दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे कचरा सड़कों या नालियों में न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही डालें।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर कचरा डालने की शिकायतें मिल रही थीं। निरीक्षण के दौरान बाजार की कई दुकानों के बाहर कचरे के ढेर पाए गए, जिस पर संबंधित दुकानदारों को मौके पर ही चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किए गए। भविष्य में दोबारा ऐसा करने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है।
नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दुकानदारों से कहा गया है कि वे अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कूड़ा नगर पालिका की कूड़ा एकत्रित करने वाली गाड़ी में ही डालें।
अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए पूरे शहर को साफ-सुथरा रखना आवश्यक है।