गुहला-चीका। हरियाणा उदय आउट रीच कार्यक्रम के तहत गांव रत्ताखेड़ा कड़ाम के सरकारी स्कूल में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें जिला कल्याण अधिकारी नहीं पहुंचे तो डीसी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, चीका एसडीएम ज्योति मित्तल से कहा कि यदि कोई अन्य अधिकारी भी मौके पर नहीं पहुंचा हो तो उन्हें भी नोटिस जारी करें।
कार्यक्रम में डीसी ने ग्रामीणों के साथ संवाद किया। इस मौके पर डीसी ने कहा कि सामुदायिक संबंधों और आमजन को घर द्वार पर सेवाओं का लाभ देना ही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। ग्रामीण आंचल में जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जहां विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, वहीं मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
इससे पहले डीसी जगदीश शर्मा, एसपी अभिषेक जोरवाल, एडीसी सुशील, एसडीएम ज्योति मित्तल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। डीसी ने समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो।
उन्होंने कहा कि जितने भी बिजली खंभे लोहे के हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। इसके साथ बिजली की हाई वोल्टेज तारों को भी दुरुस्त किया जाए। उन तारों पर पाइप की व्यवस्था हो और साथ ही अर्थ की भी व्यवस्था हो, ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। पेंशन संबंधित जितनी भी शिकायतें आई थी, उनको दूर करने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए गए। ॉ
उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम में एक-एक करके फरियादियों की फरियाद भी सुनी। इस मौके पर एडीसी सुशील ने कहा कि हरियाणा उदय आउट रीच कार्यक्रम के तहत जिला में पौधरोपण, नशा मुक्ति अभियान, रक्तदान शिविरों व अन्य गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में भागीदार बनाया जा रहा है।
इससे पूर्व एसडीएम ज्योति मित्तल ने डीसी का स्वागत किया। जन संवाद कार्यक्रम में डीएसपी सुनील कुमार, डीडीपीओ कंवर दमन, सीएमजीजीए अपूर्वा, जीएम अजय गर्ग, डीएसडब्ल्यूओ कुलदीप शर्मा, डीईओ रविंद्र चौधरी, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीपीओ अशोक कुमार, एलडीएम एसके नंदा, सरपंच तरसेम सिंह, रामजी लाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।