नोदी चीका ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अपने ऊपर जानलेवा हमले के चार माह बीत जाने के बावजूद सारे आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने से खफा समाजसेवी नोदी चीका ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
यहां बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में नोदी ने कहा कि राजनीतिक दबाव के चलते पहले तो पुलिस ने मामला ही हलकी धाराओं के तहत दर्ज किया लेकिन बावजूद इसके सभी आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं की। नोदी ने कहा कि वह राजनीतिक भ्रष्टाचार से लेकर सामाजिक विषयों पर आंदोलन चला रहा था जो कि कुछ लोगों को सहन नहीं हुआ और उन्होंने कुछ बदमाशों को हायर करके उस पर हमला करवा दिया।
नोदी ने कहा कि उसने पुलिस को अपने ऊपर हुए हमले की सीसी टीवी फुटेज मुहैया करवाई है जिसमें साफ नजर आता है कि दोषी उसकी जान लेने आए थे। पुलिस ने फिर भी मामूली मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया पर कार्रवाई फिर भी नहीं की।
नोदी ने कहा कि उस पर हमले के वक्त मौजूद रहे जगदेव सीड़ा का पुलिस ने आज तक बयान ही दर्ज नहीं किया है। पुलिस ने पीजीआई चंडीगढ़ से उसकी मेडिकल रिपोर्ट भी आज तक नहीं मंगवाई है। इससे साफ लगता है कि पुलिस वास्तव में आरोपियों को बचाना चाहती है।
नोदी ने एलान किया कि वह जल्द ही एसपी कैथल के कार्यालय के बाहर परिवार सहित धरना देंगे और अगर पुलिस से उन्हें फिर भी इंसाफ न मिला तो वह अपनी पत्नी सहित एसपी कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेंगे। नोदी ने आरोप लगाया की हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए वह एसपी कैथल से करीब बीस बार मिल चुके हैं और इंसाफ की गुहार लगा चुका हैं पर पुलिस ने फिर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।