संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के भगत सिंह चौक पर पिछले 20 सालों से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। यह भी एक बड़ा चुनावी मुद्दा बना है। बाजार के दुकानदारों का कहना है कि हर चुनाव में उन्हें महज आश्वासन मिलते रहे हैं पर नतीजा सिफर रहा।
गौरतलब है कि हर चुनाव में इस बाजार के दुकानदार इस समस्या के समाधान की मांग करते हैं, लेकिन यह समाधान नहीं हो पाता है। इस बार के चुनाव में भी यह समस्या एक बड़ा मुद्दा है। भगत सिंह चौक स्थित बाजार के दुकानदारों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है।
दुकानदारों ने कहना है यहां पर थोड़ी की बारिश में एक से डेढ़ फीट तक पानी ही पानी हो जाता है। ऐसे में जलभराव की समस्या से यहां के दुकानदारों सहित अन्य वाहन चालकों को राहगीरों को परेशानी होती है। कहना है यहां पर मुख्य बाजार होने के चलते लोगों का आवागमन अधिक रहता है, ऐसे में बारिश के मौसम में ही समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
बारिश में सबसे ज्यादा होती है दिक्कत
भगत सिंह चौक पर सबसे बड़ी समस्या अधिक बारिश के बाद होती है। यहां पर कई बार दुकानों के अंदर तक भी गंदा पानी आ जाता है। दुकान की ऊंचाई अधिक भी है, लेकिन इसके बावजूद पानी नहीं ठहरता। कई बार अपने रुपयों से भी सड़क को ठीक करवाने का काम किया परंतु इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान खोजा जाए। - बसंत लाल, व्यापारी।
टैक्स देने के बावजूद
झेलते हंै परेशानी
एक शहरवासी होने के नाते बाजार में जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया है। अपने व्यापार के तहत दुकानदारों की ओर से सरकार को समय-समय पर टैक्स भी दिया जाता है। परंतु कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। इन परेशानियों को झेलना हमारी मजबूरी बन गया है। इस चुनाव में उसी उम्मीदवार के पक्ष में वोट करेंगे, जो इस समस्या के समाधान के लिए कदम उठाएगा। - अलोकित, व्यापारी।
जलभराव से धंधा हो जाता है चौपट
जब भी बारिश होती है, तो शहर में सबसे अधिक जलभराव भगत सिंह चौक पर ही आती है। यह चौक और बाजार में शहर के निचले इलाके में है। ऐसे में शहर में बारिश के बाद अधिक पानी इस बाजार में ही आता है। यहां पर बारिश के समय उनकी दुकान का धंधा तक चौपट हो जाता है। यहां पर पानी की निकासी होने में भी चार से पांच घंटे का समय लग जाता है। - बंटी कोहली, दुकानदार।
जलभराव से धंधा हो जाता है चौपट
शहर की भगत सिंह चौक स्थित बाजार में परेशानी रेलवे स्टेशन पर जाने वाले यात्रियों को भी होती है। चौक के पास ही एक सीवरेज का बड़ा गड्ढा है। इसके कारण भी हादसे होने का हमेशा भय बना रहता है। बारिश के समय में जलभराव होने से राहगीर हादसे का शिकार बन जाते हैं। इस समस्या को जल्द ही दूर करवाया जाना है। यदि इसका समाधान होगा तो हादसे भी नहीं हो पाएंगे। - दर्शन, दुकानदार।
उम्मीद के अनुरूप नहीं कराए काम
शहर में पिछले दो साल से शहर के लोगों की उम्मीद अनुरूप काम नहीं हो पाए हैं। भगत सिंह चौक ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य इलाकों में पानी की निकासी न होना बड़ी समस्या है। इस पर न तो भाजपा सरकार ने ध्यान दिया और न ही नगर परिषद की ओर से समाधान का कोई रास्ता निकाला गया। लोगों में इस वजह से काफी नाराजगी है। - सुशीला शर्मा, कांग्रेस समर्थित पार्षद, वार्ड नंबर
शहर के भगत सिंह चौक से लेकर चंदाना गेट तक जाने वाली सड़क का निर्माण करवाया गया है। यहां पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए गए हैं। आचार संहिता हटने के बाद नगर परिषद की सदन की बैठक में फिर से इस समस्या पर चर्चा की जाएगी। इसमें लोगों को सुविधा देने के लिए भी योजना बनाई जाएगी। - सुरभि गर्ग, अध्यक्ष नगर परिषद, कैथल।