कैथल के तलाई बाजार में इधर-उधर खड़े वाहन।
- फोटो : samvad
कैथल। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र तलाई और पायल बाजार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। सड़कों और गलियों में बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों के कारण बाजार के रास्ते संकरे हो गए हैं। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। इससे पैदल निकलना मुश्किल हो गया है।
दुकानदारों का कहना है कि बाजार में आने वाले ग्राहक अपने वाहन इधर-उधर खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। कई बार तो एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पाता। खासकर शाम के समय और शनिवार व रविवार को स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। उन्होंने बताया कि पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने का सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। पायल मार्केट के दुकानदार मनोज अग्रवाल ने बताया कि ग्राहक वाहन खड़ा करने की जगह न मिलने के कारण कई बार बिना खरीदारी किए ही लौट जाते हैं। इससे बिक्री पर असर पड़ रहा है। मुख्य बाजार के दुकानदार रमेश गोयल ने कहा कि वह कई बार प्रशासन से पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दुकानदारों ने यह भी बताया कि कुछ लोग अपने वाहन लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़े छोड़ देते हैं, जिससे अन्य ग्राहकों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। बाजार में न तो कोई निर्धारित पार्किंग स्थल है और न ही ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए पर्याप्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। लोगों की मांग है कि तलाई बाजार और पायल मार्केट में जल्द से जल्द पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए। संवाद