कैथल। एंटी नारकोटिक सेल ने एक युवक को 421 ग्राम चरस (सुल्फा) सहित काबू किया है। युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी प्रदीप कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम थाना शहर कैथल में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि अर्जुन नगर निवासी सौरभ उर्फ हैप्पी चरस बेचने का अवैध धंधा करता है और उसे पट्टी अफगान क्षेत्र से मादक पदार्थ के साथ काबू किया जा सकता है। पुलिस टीम ने माैके पर पहुंचकर सौरभ को काबू किया। पुलिस की सूचना के बाद माैके पर पहुंचे एईटीओ कैथल रोहित कुमार के समक्ष ली गई तलाशी में आरोपी के कब्जे से एक बैग में रखी पॉलोथीन से 421 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद