कैथल। जिले में वायरल संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को डेंगू और स्वाइन फ्लू का कोई नया मामला सामने नहीं आया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के तीन और स्वाइन फ्लू के सात मामले मिल चुके हैं। स्वाइन फ्लू के सात मामलों में चार पुराने मामले हैं। फिलहाल दोनों बीमारियों के मरीजों की स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।
विभाग की टीमें संदिग्ध मरीजों की निगरानी के साथ लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए जागरूक भी कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के डेंगू और मलेरिया नोडल अधिकारी डॉ. नीरज मंगला के अनुसार इस समय डेंगू और स्वाइन फ्लू की तुलना में वायरल संक्रमण के मरीज अधिक सामने आ रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण खांसी, बुखार, जुकाम और गले में खराश की शिकायत लेकर मरीज स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में डेंगू और स्वाइन फ्लू का अधिक प्रभाव नहीं है लेकिन मौसम में बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। कूलर, गमले, पानी की टंकी और अन्य स्थानों की नियमित सफाई करनी चाहिए, ताकि मच्छरों को पनपने का मौका न मिले। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से जांच करवाने की अपील की है। लगातार तेज बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी या अन्य गंभीर लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने को कहा गया है। विभाग के अनुसार डेंगू और स्वाइन फ्लू की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संदिग्ध मरीज मिलने पर सैंपल लेकर जांच करवाई जा रही है।