फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: पेयजल, सड़कों की गुणवत्ता से समझौता नहीं

Sun, 08 Dec 2024 01:55 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा शनिवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में अपने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सड़क व पेजयल आमजन से सीधे जुड़ी जन सुविधाएं हैं। हर घर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति जरूरी है और घर से निकलते ही अच्छी सड़क। इसीलिए पेयजल, सड़कों की गुणवत्ता में समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिले और सड़कों की गुणवत्ता इतनी हो कि वे समय से पहले न टूटें।

बैठक के दौरान मंत्री ने जिले में चल रही विभाग की परियोजनाओं की जानकारी हासिल की। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में केंद्र व प्रदेश सरकार की स्पष्ट नीति है कि विकास कार्याें में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। वे स्वयं भी कभी भी किसी गांव या शहर में सड़क, पेयजल आपूर्ति केंद्र या एसटीपी का दौरा कर सकते हैं। इसलिए समय रहते वहां व्यवस्था सुधार लें, यदि कोई लापरवाही मिली तो निश्चित तौर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


इससे पहले यहां पहुंचने पर भाजपा नेताओं अशोक गुर्जर, जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ सहित समाज के महत्वपूर्ण लोगों व दोनों विभागों के अधिकारियों ने मंत्री का अभिनंदन किया। इसके बाद पहले लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक में मंत्री ने जिले में चल रही विभाग की परियोजनाओं की जानकारी हासिल की। गंगवा ने अधिकारियों से कहा कि जो भी सड़कें ज्यादा खराब हैं, उनका एस्टीमेट तैयार करें। उसे बजट में शामिल कर पूरा किया जाएगा। सड़क संबंधी शिकायतों पर तुरंत सुनवाई कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि विभाग की छवि को ओर ज्यादा साफ-सुथरा बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना होगा। जनता ने हमें सेवा करने का अवसर दिया है, इसलिए अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाया जाए। ऐसा न हो कि सड़क आज बनीं और एक माह में टूट जाए। ऐसी कोई एजेंसी मिलीं तो उसके खिलाफ कार्रवाई के साथ अधिकारियों पर भी एक्शन लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अधिकारी इस बात का ध्यान रखें कि एजेंसी यदि टेंडर निर्धारित दर से कम दर पर भी टेंडर लेती है तो गुणवत्ता सुनिश्चित करना उसका कर्तव्य है। गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कम दर पर टेंडर लेकर खामियां मिलती हैं तो यह एजेंसी व अधिकारियों की कमी होगी। उन्होंने हलका अनुसार 25 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने संबंधी योजना की भी जानकारी हासिल की। सड़कों के लिए जितना पैसा आएगा, उसे शत-प्रतिशत खर्च किया जाए। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि एजेंसी सड़क निर्माण में सड़क उखाड़ कर सारा का सारा पुराना मैटीरियल प्रयोग न करे।

उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पहले के जमाने में लोग अपने पैसे खर्च कर प्याऊ लगाकर पानी पिलाते थे। यह स्वयं मेरा व अधिकारियों का सौभाग्य है कि उन्हें लोगों को पेयजल की सेवा का अवसर मिला है। इसीलिए इसे अपना रोजगार समझने के साथ-साथ धार्मिक दृष्टि से भी देखते हुए लोगों के घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए एसटीमेट बनाएं। एसटीपी हों या पेयजल प्रोजेक्ट, वहां फिल्टर व अन्य मशीनरी का समय-समय पर निरीक्षण कर सफाई सुनिश्चित करवाएं। सीवरेज डालते समय उखाड़ी गई सड़कों या गलियों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि ऐसे अधूरे कार्याें से लोगों को असुविधा तो होती ही है, साथ में सरकार की छवि पर भी असर होता है। जब काम पर पूरा पैसा खर्च किया जा रहा है तो उसे अधूरा न छोड़ा जाए। मंत्री ने अधिकारियों की ओर से जिले की सड़कों, पेयजल आपूर्ति व एसटीपी आदि के लिए बताई गई जरूरतों को भी जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।

बैठक में भाजपा के सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी अशोक गुर्जर, जिला भाजपा अध्यक्ष मनीष कठवाड़ ने मंत्री को बताया कि जिले में कई सड़कें खराब हैं। साथ ही कुछ सड़कों की गुणवत्ता पर लोगों ने सवाल उठाया कि वे समय से पहले टूट गईं। मंत्री ने अधिकारियों को कहा कि इस बात का ध्यान रखें कि एजेंसी गुणवता पूर्वक कार्य करे। उन्होंने राजौंद में एसटीपी व कन्या कॉलेज की जमीन संबंधी मामले पर भाजपा नेताओं सहित अधिकारियों से चर्चा कर सकारात्मक हल निकालने को कहा।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के एसई जगबीर चहल, कार्यकारी अभियंता वरूण कंसल, राकेश कुमार, गौरव कंसल, प्रशांत सिलवानिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पंजाब की बात है तो सीएम मान सुनें किसानों की आवाज : गंगवा

कैथल। हरियाणा सरकार की ओर से किसानों को कोई समस्या नहीं है, पंजाब की बात है तो वहां के सीएम भगवंत मान को किसानों की आवाज सुननी चाहिए। यह बात लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने कही। वह शनिवार को यहां अपने दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंचे थे।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाकर रखी जाएगी। किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। गंगवा ने कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। प्रदेश की जनता पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नायब सिंह सैनी व भाजपा की नीतियों पर विश्वास करती है। हमने जो वादे किए हैं, उन सबको पूरा किया जाएगा। जब से प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनी है। तभी से वादों को पूरा करना शुरू कर दिया है।

लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी ने शपथ लेने के दौरान ही 25 हजार बच्चों को बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी देने का काम किया। आगे भी बिना पर्ची-बिना खर्ची के मेरिट के आधार पर नौकरी देने का काम जारी रहेगा। सरकार ने संविधान निर्माता बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की नीतियों पर चलते हुए प्रदेश में वंचित समाज को आरक्षण में 10 प्रतिशत का वर्गीकरण का लाभ देने का काम किया है। प्रदेश सरकार हर किसी के साथ न्याय करते हुए काम करेगी। पार्टी ने संकल्प पत्र पर गंभीरता से काम शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने नारा दिया है कि हर घर में स्वच्छ जल पहुंचें। उनके हर घर में नल, हर नल में जल के नारे को जमीनी हकीकत पर चरितार्थ करने का काम करेंगे।

इस अवसर पर कैथल जिला सदस्यता अभियान प्रभारी अशोक गुर्जर, जिला भाजपा अध्यक्ष मनीष कठवाड़ भीमसेन अग्रवाल, हरिकिशन सैनी, प्रवीण प्रजापति, बलविंद्र सिंह जांगड़ा, नाथी राम, पूर्व अध्यक्ष यशपाल प्रजापति, सेवानिवृत्त कानूनगो धर्मबीर प्रजापति, कृष्ण प्रजापति, संदीप पाडला सहित समाज के लोग मौजूद रहे। संवाद

शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी आवश्यक ः गंगवा
कैथल। न्यूटन पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर बच्चाें ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर गंगवा ने कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार का होना बहुत आवश्यक है। माता-पिता के बाद बच्चों को अध्यापकों से संस्कार प्रदान किए जाते है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से अच्छा मुकाम हासिल किया जा सकता है। वर्तमान में प्रदेश में ऐसी सरकार है जो योग्य युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां प्रदान करने का कार्य कर रही है। अब युवाओं को सिफारिश पर नहीं बल्कि शिक्षा के बल पर सरकारी नौकरी मिलती है। जीवन में सफलता का कोई शार्टकट नहीं है, इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें निश्चित रूप से कामयाबी मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया वे नशे से स्वयं भी दूर रहे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने अध्यापकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने के साथ साथ अपनी वैभवशाली संस्कृति के बारे में भी जानकारी दें।
विज्ञापन


इससे पहले लगभग 12 वर्ष पहले भी यहां स्कूल में कार्यक्रम आए थे जब राज्यसभा सांसद थे। स्कूल संचालक प्रवीण प्रजापति व स्टाफ की तारीफ की। अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष शेर सिंह प्रजापति एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रवीण प्रजापति ने की। प्राचार्य रेखा रानी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर कैथल जिला सदस्यता अभियान प्रभारी अशोक गुर्जर, जिला भाजपा अध्यक्ष मनीष कठवाड आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें