संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। सिख समाज के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर 30 नवंबर को धमतान साहिब गुरुद्वारा में होने वाले धार्मिक समागम को लेकर श्री गुरुद्वारा पातशाही छेवीं एवं नौवीं, चीका में बैठक आयोजित की गई। गुरुद्वारा प्रबंधक सुरजीत सिंह मलिकपुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शनिवार को एक बस धमतान साहिब भेजी गई है, जबकि रविवार को नौ बसें निशुल्क धमतान साहिब के लिए रवाना होंगी। ये सभी बसें श्रद्धालुओं को लेकर गुरुद्वारा परिसर तक पहुंचाएंगी।
उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर धमतान साहिब में तीन दिवसीय समागम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में संगत पहुंचेगी। गुहला क्षेत्र से अधिक से अधिक श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हों, इसके लिए बैठक में तैयारियों पर चर्चा की गई।
सुरजीत सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर का जीवन अत्याचार, धार्मिक असहिष्णुता और अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होने की मिसाल है। उन्होंने न केवल सिख धर्म के महान गुरु के रूप में, बल्कि संपूर्ण मानवता के संरक्षक के रूप में प्राणों की बलि देकर धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा की।
उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर की शहादत संपूर्ण मानवता के लिए थी, इसलिए हर देशवासी को उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।