संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन सिरटा रोड पर वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में बनाए गए रैन बसेरे को अभी तक शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में इंसानों से पहले रैन बसेरे में सांपों ने अपना डेरा डाल रखा है। बुधवार को रैन बसेरे में एक मरा हुआ सांप मिला। इसके अलावा यहां पर कचरे की गाड़ियां खड़ी हैं। इस कारण यहां गंदगी का भी बसेरा है।
ठंड बढ़ने के बावजूद रैन बसेरों की जिला प्रशासन ने सुध नहीं ली है। दरअसल, रात में ज्यादा ठंड पड़ने पर सबसे पहले बेघर लोग रैन बसेरों की तरफ रुख करते हैं, लेकिन शहर में बनाए गए रैन बसेरे को अभी तक शुरू नहीं किया गया है। इस कारण बेघर लोगों को इसका लाभ अभी तक नहीं मिल पा रहा। अभी तक रैन बसेरे पर ताला लटका हुआ है। यही नहीं, इसका गेट भी टूटा हुआ है। इसके अंदर न तो सफाई की कोई व्यवस्था है और न ही अभी तक बिजली शुरू की गई है।
वार्ड नंबर 28 के पार्षद मोहन लाल शर्मा ने बताया कि इस जगह पर रैन बसेरा नहीं था। यह केवल एक सामुदायिक केंद्र था, लेकिन अधिकारियाें के ढुलमुल रवैये के कारण इसके पास ही रैन बसेरा बना दिया। यहां पर रैन बसेरे में इंसानों को जगह नहीं मिल पाती जबकि कचरे से भरी गाड़ियां खड़ी रहती हैं। दूसरी ओर बेघर लोगों का कहना है कि रैन बसेरे में सांप का निकलना अधिकारियों की लापरवाही दर्शाता है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक ने कहा कि नगर परिषद की जगह होने के चलते यहां पर कचरा उठान की गाड़ियां खड़ी की जाती हैं, लेकिन कचरे से भरी हुई गाड़ियां खड़ी करने की अनुमति नहीं है। इस मामले में जांच की जाएगी। वहीं, रैन बसेरे को जल्द ही लोगों के लिए शुरू किया जाएगा।