संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद की ओर से शहर में रात्रिकालीन सफाई के लिए आचार संहिता लगने से पहले निविदा सूचना जारी नहीं हो सकी है। इस कारण रात के समय सफाई व्यवस्था बदहाल है।
रात में सफाई न होने के कारण शहर के मुख्य चौक-चोराहों पर गंदगी के ढेर लग जाते हैं। इसके बाद अगले दिन दोपहर तक भी यह गंदगी के ढेर नहीं उठ पाते हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में बीमारियों का खतरा बना रहेगा। अब गर्मी के मौसम में गंदगी न उठने से डेंगू व मलेरिया की बीमारी का भी बन होगा।
गौरतलब है कि रात्रिकालीन सफाई की निविदा सूचना जारी न होने से सफाई कर्मचारियों में भी रोष है। रात में सफाई के लिए रात्रिकालीन सफाई की निविदा सूचना के तहत रात की सफाई में 65 कर्मी कार्यरत थे। परंतु 30 जून 2023 में इसकी निविदा सूचना खत्म हो गई थी।
इसके बाद करीब नौ महीने के बाद भी नई निविदा सूचना जारी नहीं हो पाई है। रात्रिकालीन सफाई की निविदा सूचना के तहत लगे कर्मियों की ओर से शहर में उन क्षेत्रों में सफाई की जाती थी, जिन क्षेत्रों में डोर टू डोर कचरा उठान के तहत कचरा उठान की गाड़ी नहीं पहुंच पाती है।
वहीं, इस समय आदर्श चुनाव आचार संहिता लगी होने के कारण अभी यह निविदा सूचना जारी नहीं हो सकती है। अब आचार संहिता हटने के बाद ही यह निविदा सूचना जारी हो पाएगी।
नगर परिषद की ओर से शहर में रात्रिकालीन सफाई के लिए आचार संहिता लगने से पहले निविदा सूचना जारी करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। यदि यह प्रयास किया जाता तो 65 सफाई कर्मियों को एक तरफ जहां नौकरी मिल पाती। वहीं, शहर में रात के समय सफाई होने के बाद गंदगी का आलम भी नहीं रहता। उनकी नगर परिषद के
अधिकारियों से मांग है कि शहर की सफाई से संबंधित समस्या को देखते हुए आचार संहिता हटने के तुरंत बाद निविदा सूचना जारी की जाए। शिवचरण, नगर पालिका
सफाई कर्मचारी संघ के राज्य मुख्य संगठनकर्ता
नगर परिषद की ओर से शहर में रात्रिकालीन सफाई के लिए निविदा सूचना जारी करने के लिए आचार संहिता से पहले ही प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण यह जारी नहीं हो सकी है। अब जैसे ही आचार संहिता हट जाएगी तो यह निविदा सूचना जारी कर दी जाएगी। इसके बाद शहर में रात की सफाई की समस्या भी नहीं रहेगी।
- कुलदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, कैथल।