संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मंगलवार सुबह नौ बजे तक मौसम सामान्य रहा। इसके बाद तेज धूप से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों ने गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए पानी और तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है।
उधर, मौसम के जानकार आगामी दिनों में तापमान बढ़ेगा। मंगलवार को तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह ढककर राहत पाते दिखाई दिए, जबकि घरों और बाजारों में भी लोग पंखा का सहारा लेकर गर्मी से बचने नजर आए, वहीं सड़कों से गुजर रहे राहगीर भी गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते रहे।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बीते कई दिनों से गर्मी का प्रकोप अधिक बढ़ गया है। अधिक परेशानी का सामना स्कूल के बच्चों को करना पड़ रहा है। दोपहर के समय में छुट्टी होती है तो धूप में तपकर बच्चों को अपने घर तक पहुंचना पड़ता है।
वहीं कई राहगीर तो धूप से बचाव के लिए छाता लेकर जाते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि धूप से बचाव के लिए बच्चों को धूप में न निकलने दे। अधिक से अधिक पानी पीएं। दिन में नींबू पानी जरूर पीएं। इससे गर्मी से बचाव रहता है।
आगामी एक सप्ताह तक लगातार तापमान में बढ़ोतरी होगी। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने की संभावना है। गर्मी से बचाव के लिए अनावश्यक धूप में न निकलें। अधिक से अधिक पानी पीएं। -डॉ. रमेश वर्मा, कैथल कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक।
चिकित्सकों की सलाह
मानव शरीर में पानी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए जब तापमान बढ़ता है और शरीर पसीना बहाकर खुद को ठंडा करने की कोशिश करता है , तो निर्जलीकरण हो सकता है, खासकर बच्चों में। गर्मी से घबराहट महसूस हो तो तुरंत शरीर को कूलडाउन करने की कोशिश करें। खुद को हाइड्रेट रखें और ज्यादा से ज्यादा पानी पीते रहें। गर्मी में स्वस्थ रहने के लिए पानी पीते रहें, लूज फिट कपड़े पहने, घर या ठंडी जगहों पर ही रहें, तेज धूप में नहीं निकलने की सलाह दी गई है।