अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिले में शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहने के कारण लोगों दिन में भी अधिक ठंड महसूस हुई। तापमान में गिरावट भी लगातार दर्ज की जा रही है। दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम में वीरवार रात को अचानक परिवर्तन आ गया। आठ बजे के बाद कोहरा छाने लगा। करीब आधे घंटे में ही घना कोहरा छा गया। शाम को अपने घरों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी हुई। विशेष रुप से दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा दिक्कत हुई। रात को दस बजे तक कोहरा गहराता चला गया। शुक्रवार सुबह हवा चलने के बाद ही लोगों को इससे राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्र शेखर डागर ने बताया कि तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। अगले दो दिनों में बारिश की संभावना है। कैथल क्षेत्र में बारिश कम होगी, जबकि अंबाला, यमुनागर, कुरुक्षेत्र में अधिक हो सकती है। दो दिनों तक बादल और बारिश के कारण कोहरा कम होगा। इसके बाद फिर से कोहरा छाने की संभावना है।