ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व की सरस्वती नदी के बारे में जानकारी देने के लिए प्रदेश में तीन दिन तक सरस्वती महोत्सव का आयोजन होगा जिसमें प्रदर्शनी वैन चलाई जाएगी। सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की ओर से 10 फरवरी से तीन दिवसीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान कैथल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र में सरस्वती के उद्गम और प्रवाह स्थलों पर विशेष समारोह आयोजित करके सरस्वती धरोहर के महत्व तथा इसके इतिहास के बारे में जानकारी दी जाएगी।
सरस्वती धरोहर प्रदर्शनी वाहन के आगमन पर भाई उदय सिंह किला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती धरोहर के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। जिला यमुनानगर के आदिबद्री से 10 फरवरी से प्रारंभ होकर प्रदर्शनी वैन मुस्तफाबाद सरस्वती नगर से होते हुए रादौर, लाडवा और पिपली होते हुए क्योड़क और कैथल में ठहराव करेगी।
सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के चेयरमैन प्रशांत भूषण ने बताया कि कैथल का गांव क्योड़क मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा गोद लिया गया है। सरस्वती प्रदर्शनी वैन का ठहराव कुछ समय के लिए इस गांव में भी किया जाएगा। 12 फरवरी को यह सरस्वती प्रदर्शनी वैन जिले के कलायत ऐतिहासिक स्थल पर जाएगी। डीसी निखिल गजराज ने बताया कि प्रदर्शनी वैन के आगमन के समय जिले में भाई उदय सिंह किले पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।
इस संबंध में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चेयरमैन के साथ जिले के अधिकारियों ने बैठक की। बैठक में डीसी निखिल गजराज, एडीसी जितेंद्र कुमार, एसडीएम मनदीप कौर, सीटीएम नवीन आहुजा, डीआरओ दलेल सिंह, कार्यकारी अभियंता इकबाल सैनी ने भाग लिया।