गांव बीरबांगड़ा के निकट कार के सामने आई गाय के कारण कार पेड़ से जा टकराई। जिस कारण इसमें सवार बीएसएफ के जवान की पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे में बीएसएफ जवान व उसका बेटा घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है।
हादसा शनिवार शाम को बीरबांगड़ गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार फरियाबाद निवासी गुरनाम बीएसएफ में कार्यरत है।
तीन दिन पहले ही वह 15 दिन के लिए अपने घर छुट्टी पर आया था। शनिवार को गुरनाम उसकी पत्नी अनिता व बेटा अजय दवाई लेने के लिए कार में रोहतक चले गए। शाम के समय वे तीनों लौट रहे थे। बीरबांगड़ गांव के पास पहुंचने पर सड़क पर कार के सामने अचानक एक गाय आ गई।
गुरनाम ने गाय को बचाने का प्रयास किया। जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े पेड़ों से जा टकराई। राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में ज्यादा गंभीर चोट लगने के कारण गुरनाम की 42 वर्षीय पत्नी अनिता की रास्ते में ही मौत हो गई।
राजौंद थाने से एएसआई ईश्वर ने कहा कि हादसा गाय को बचाते हुए कार का संतुलन बिगड़ने से हुआ है। मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।