कूपन पाने के लिए किसान दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो रहे हैं लेकिन फिर भी किसानों को आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो रहा है। किसान भाग सिंह पबनावा, वेद प्रकाश चंदलाना, कृष्ण, सुनील कुमार, नसीब सिंह, बीरबल कुमार, केशा राम, महेंद्र सिंह कौल, मेवा राम, पिरथी सिंह भाकियू के प्रदेश महासचिव भूरा राम पबनावा के नेतृत्व में शनिवार को मार्केट कमेटी कार्यालय में जे. फार्म लेकर कूपन लेने के लिए गए।
कमेटी कर्मचारियों ने उन्हें यह कहकर टरका दिया कि हमारे पास इस समय कार्यालय में सरकार की ओर से दिए गए कूपन उपलब्ध नहीं हैं।
नई अनाज मंडी ढांड में किसानों ने कहा कि सरकार की योजना के अनुसार प्राइवेट व्यापारियों द्वारा खरीदे गए धान के 5000 रुपये मूल्य पर एक लकी कूपन किसान को दिया जाना है लेकिन जब जे. फार्म लेकर मार्केट कमेटी के कार्यालय में जाते हैं तो कमेटी सचिव कूपन नहीं देते।
आरोप है कि कमेटी सचिव उन्हें जानबूझ कर टरका रहे हैं। भाकियू ने मार्केट कमेटी सचिव को चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही किसानों को जे. फार्म के बदले सरकारी स्कीम के लकी कूपन मुहैया नहीं करवाए तो भाकियू मार्केट कमेटी कार्यालय का घेराव करेगी।
वहीं ढांड मार्केट कमेटी सचिव जयप्रकाश ने बताया कि सरकारी स्कीम के लकी कूपन समाप्त हो गए थे। कर्मचारी को पंचकूला मुख्यालय भेजकर कूपन मंगवा लिए गए हैं जो भी किसान कूपन लेने से वंचित रह गया है वह सोमवार से कार्यालय में आकर जे. फार्म दिखाकर कूपन ले सकता है।