डीसी निखिल गजराज ने गुहला क्षेत्र में बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जिले में चल रहे छह करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की जानकारी हासिल की। डीसी सबसे पहले सीवन पहुंचे। यहां ओवरफ्लो तालाबों की समस्या के समाधान के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को कहा कि गांव में पानी की निकासी के लिए प्रोजेक्ट बनाया जाए। इसके बाद डीसी ने सिंचाई विभाग द्वारा खरकां एवं उरलाना गांवों में घग्गर नदी पर प्रस्तावित स्टोन पिचिंग तथा अन्य कार्यों का निरीक्षण किया।
इन कार्यों में उरलाना एवं खरकां गांवों को किसी भी संभावित बाढ़ से बचाव के लिए घग्गर नदी के बांध पर बुर्जी नंबर 47180 से 47480 तक लगभग 84 लाख से स्टोन पिचिंग प्रस्तावित है। खरकां एवं उरलाना गांव के बचाव के लिए लगभग 90 लाख रुपये की लागत से घग्गर नदी की रिंग बांध की बुर्जी नंबर 48000, 48750 तथा 49000 पर 3 स्टड का निर्माण करवाना भी प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त भाटिया, स्यूमाजरा, खेड़ी दाबण, हेमू माजरा, आनंदगढ़, बुबकपुर एवं लालपुर गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए घग्गर नदी के बांध पर बुर्जी नंबर 122700 से 124000 तक लगभग 94 लाख रुपये की लागत से की जाने वाली स्टोन पिचिंग शामिल है।