जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई लूटपाट, आगजनी और तोड़फोड़ के छह मामलों में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में करनाल रोड बाईपास निवासी सुभाष ने बताया कि 21 फरवरी को करीब दो बजे अज्ञात व्यक्ति हथियार लेकर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए। दुकान से एक लाख रुपये चुरा लिए और सामान को तोड़ दिया। इसके बाद दुकान में आग लगा दी। जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में सैनी करियाना स्टोर के संचालक सुरेश कुमार ने बताया कि बाईपास पर उसकी करियाना की दुकान थी। 21 फरवरी को करीब 150 युवक हथियारों से लैस होकर आए जिन्होंने दुकान से 50 हजार रुपये की नकदी चुरा ली और फिर दुकान को आग लगा दी। एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तीसरे मामले में अमरगढ़ गामड़ी निवासी गोपी राम ने बताया कि उसकी जींद रोड बाईपास पर दुकान थी। 22 फरवरी को कई युवक हथियारों से लैस होकर आए जिन्होंने दुकान से 23 हजार रुपये की नकदी चुरा ली और तोड़फोड़ की। जांच अधिकारी एसआई रमेश चंद ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया हैद्घ
चौथे मामले में फ्रैंड्स कॉलोनी निवासी धनीराम ने बताया कि उसकी कॉलोनी की गली नंबर-1 पर मिठाई की दुकान है। उपद्रवियों ने 15 हजार रुपये की नकदी चुरा और और सामान को तोड़ डाला। एएसआई हवा सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पांचवें मामले में जींद रोड स्थित स्प्रिंग फील्ड रेस्तरां में चोरी व तोड़फोड़ का केस दर्ज किया है। रेस्तरां के मालिक गुलशन सतीजा ने बताया कि अज्ञात युवक उसके रेस्तरां में घुसे ओर वहां से ग्रिल व अन्य सामान चोरी कर ले गए। छठे मामले में जन्नत होटल में तोड़फोड़ व लूटपाट का मामला दर्ज किया है। जन्नत होटल के मालिक कृष्ण कालड़ा ने बताया कि 21 फरवरी को भारी संख्या में अज्ञात युवक होटल में घुसे ओर उन्होंने कैमरे चोरी कर लिए और सामान को तोड़ दिया। एसआई इंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।