संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय कलायत में चल रहे सात दिवसीय शिविर का सातवें दिन समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर एम कॉम फाइनल की नेहा को शिविर का सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक घोषित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी निशीकांत ने एनएसएस को छात्राओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण जरिया बताया। साथ ही एनएसएस मोटो नोट मी बट यू का महत्व बताते हुए कहा कि वॉलंटियर्स को एक वर्ष में 120 घंटे राष्ट्रीय सेवा करनी चाहिए। कार्यक्रम में अध्यक्ष की भूमिका प्राचार्य राजेश कुमार सैनी ने निभाई। उन्होंने स्टाफ के सहयोग की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने छात्राओं को विद्यार्थी जीवन को स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने आगामी जीवन में संघर्ष करने के लिए छात्राओं को मजबूत बनने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि और प्राचार्य ने बेहतरीन वॉलंटियर्स को प्रमाणपत्रों से सम्मानित किया।
गौरतलब है कि शिविर के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता और स्वास्थ्य, योग का महत्व, नशा मुक्ति अभियान तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जागरूकता पर रैली एवं नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इनका इंदिरा कॉलोनी एवं कलायत शहर पर सकारात्मक प्रभाव नजर आया। शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम से छात्राओं में प्रतिभा खोज की गई। शिविर के दौरान पेंटिंग व स्लोगन तैयार करना, खाना बनाना आदि काम करते हुए छात्राओं ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर लोगों को संदेश भी दिए।
कार्यक्रम अधिकारी डाॅ.राम जुवारी ने मंच का संचालन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने शिविर में यूथ फॉर माय भारत विषय पर खरा उतारते हुए, वॉलंटियर्स का डिजिटल भारत व माय भारत अभियान के महत्व पर विशेष ध्यान दिया। समापन समारोह के अंत में अंग्रेजी के प्राध्यापक डाॅ. सुनील गर्ग ने सभी अतिथियों का आभार जताया।