राजौंद। खेड़ी राय वाली गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत नेहरू युवा केंद्र कैथल की जिला युवा स्वयंसेविका गुरप्रीत कौर ने की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी और अन्य ने दीप जलाकर स्वामी विवेकानंद को नमन किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय युवा दिवस का मुख्य विषय राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण है। यह थीम युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र की युवा जिला अधिकारी कुमारी दीक्षा मिश्रा के निर्देशानुसार ड्राइंग प्रतियोगिता करवाई। जिसमें मुख्य विषय देशभक्ति रखा गया था। इस प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले बच्चों को सम्मानित किया।
यह थीम युवाओं को एक ऐसे भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करती है जो न केवल समृद्ध हो बल्कि पर्यावरण के प्रति भी संवेदनशील हो। यह थीम युवाओं में लचीलापन और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देती है, ताकि वे देश के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना कर सकें और एक बेहतर कल का निर्माण कर सकें। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के मित्र बैंक सुमित अरोड़ा ने भी शिरकत की। इस दौरान गुरप्रीत कौर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जिनका असली नाम नरेंद्रनाथ दत्त था। इतिहास में एक ऐसे विद्वान के रूप में दर्ज हैं जिन्होंने मानवता की सेवा को अपना सर्वोपरि धर्म माना। इस दौरान मंगत नहारिया, पूर्ण, मानसी ऊषा आदि मौजूद रहे।