कैथल। राष्ट्रीय शूटर हिमांशु ढिल्लो का चयन जर्मनी के सुहल में होने वाली आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 19 से 27 मई तक होगी। हिमांशु की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और उनके परिवार में हर्ष का माहौल है। रविवार को नेहरा शूटिंग अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में चयनित खिलाड़ी हिमांशु का स्वागत किया और कोच कुलदीप नेहरा सहित खिलाड़ियों और परिवार के सदस्यों ने बधाई दी।
कोच कुलदीप नेहरा ने बताया कि खिलाड़ी हिमांशु ढिल्लो ने दिल्ली के डॉ. चरण सिंह शूटिंग रेंज में 1 से 4 मार्च तक आयोजित ट्रायल में भाग लिया था। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में 632.5 अंक प्राप्त कर भारत में पहला स्थान हासिल किया। इस ट्रायल में देश के शीर्ष जूनियर निशानेबाजों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई थी, जिसमें हिमांशु ने चार अंकों की लीड के साथ अपनी जगह बनाई।
हिमांशु पिछले कई वर्षों से नेहरा शूटिंग अकादमी में कोच कुलदीप नेहरा के मार्गदर्शन में प्रतिदिन लगभग सात घंटे अभ्यास कर रहे हैं। उनकी इस कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि वे लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं।
हिमांशु की खेल उपलब्धियां
खिलाड़ी हिमांशु ने राष्ट्रीय स्तर पर चार स्वर्ण, एक रजत, और एक कांस्य पदक हासिल किए हैं। ओर इसके अलावा खेलो इंडिया प्रतियोगिता में एक रजत पदक हासिल किया है।
आईएसएसएफ जूनियर वल्र्ड कप के लिए भारत के शीर्ष तीन शूटरों में चयन
आईएसएसएफ जूनियर वल्र्ड कप युवा निशानेबाजों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त कर सकते हैं और अपनी प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित कर सकते हैं। हिमांशु के चयन से भारत की उम्मीदें इस प्रतियोगिता में और मजबूत हुई हैं। हिमांशु और उनके कोच को इस शानदार उपलब्धि पर अकादमी, परिवार और खेल जगत से ढेरों बधाइयां मिल रही हैं।