कैथल। केंद्र सरकार ने नशे के खिलाफ राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस-1933 शुरू की है। यह हेल्पलाइन देश को 2047 तक नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मानस हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे चालू रहेगा। लोग इस पर ड्रग्स तस्करी की गुप्त जानकारी साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यह जानकारी डीसी प्रीति ने दी है।
डीसी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शरीर व बुद्धि का नाश करता है, बल्कि समाज को भी खोखला करता है। नशा करने वाले व्यक्ति का पूरा परिवार इससे प्रभावित होता है। केंद्र सरकार की मानस पहल से नशा बेचने वालों पर नकेल कसी जाएगी और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाएगा। नशे की लत छुड़ाने के लिए काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह हेल्पलाइन देशभर की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स से जुड़ी है, ताकि तस्करों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। संवाद