कैथल। जिला जेल के ऊपर से एक व्यक्ति ने ड्रोन उड़ाकर नियमों का उल्लंघन किया है। थाना शहर पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एयरक्रॉफ्ट एक्ट 1934 के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जेल उपाधीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिला जेल कैथल के ऊपर से 14 मार्च को 03:45 बजे ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। इसे देखते ही जेल अधीक्षक के आदेशानुसार ड्रोन का पीछा करते हुए सहायक अधीक्षक अजीत सिंह ने अन्य कर्मचारियों को साथ लेकर ड्रोन तक पहुंचे। वहां ड्रोन के चालक का नाम गुहणा निवासी सुशील कुमार पता चला। उसे पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने बताया कि शगुन पैलेस नजदीक डोगरा गेट कैथल में शादी की वीडियो बनाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इसी दौरान जेल का वीडियो भी बनाया है। जिला जेल कैथल का एरिया रेड जोन में आता है। जेल के ऊपर से ड्रोन नहीं उड़ाया जा सकता। मामले में आरोपी के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। जेल उपाधीक्षक ने मामले में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
इस पर थाना शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एयरक्रॉफ्ट एक्ट 1934 के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना शहर प्रभारी डॉ. नन्ही देवी ने बताया कि रेड जोन एरिया में ड्रोन उड़ाने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।