कैथल। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आयोजित 49 दिन की रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। जखौली अड्डा स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को समझाया गया कि उनके साथ यदि कोई किसी भी प्रकार की गलत हरकत करता है, तो इसका विरोध जरूर करना चाहिए। समस्या को माता-पिता को बताना चाहिए। ज्यादा गंभीर मसला तो पुलिस की सहायता लेने से भी नहीं हिचकना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण का कार्यक्रम जिला कैथल के 182 स्कूलों में पिछले 49 दिनों से चला आ रहा था, जिसमें जिला कैथल की 5200 लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अंतिम दिन जिला कैथल के सभी विद्यालयों में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के बारे में अनेक बातों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम के तहत सभी छह खंडों के विभिन्न स्कूलों में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में सुरक्षा के संदर्भ में विशेष जानकारी दी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा में मुख्य अतिथि के रूप में एएसआई सुदेश पहुंची। उन्होंने कहा कि आज के युग में लड़कियों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने इस अवसर पर दुर्गा शक्ति एप डायल 112 पुलिस कंट्रोल रूम महिलाओं के लिए पीसीआर का महत्व विषय पर छात्राओं को विशेष जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कभी भी गलत के आगे हमें नहीं झुकना चाहिए। यदि हम गलत के आगे झुकेंगे तो उसका हौसला और बढ़ेगा। हमेशा हमें गलत का विरोध करना चाहिए और यदि किसी प्रकार की कोई परेशानी है तो सबसे पहले अपने अध्यापकों और अभिभावकों को बताना चाहिए और कोई ज्यादा गंभीर बात है तो पुलिस को भी उसकी सूचना तुरंत देनी चाहिए। हम एक कॉल पर उसी समय जहां भी आप कहोगे वहां उपस्थित हो जाएंगे।
इस अवसर पर विद्यालय की मुखिया बिमला सिरोही ने बच्चों को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार, खंड के नोडल अधिकारी गीता रानी, देवेंद्र शर्मा, रीना रानी, मोहिनी शर्मा, प्रीति जैन, दीपिका शर्मा, मुनीम कुमार व जिला सहायक परियोजना संयोजक राजेश शर्मा मौजूद भी रहे।
छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ दुर्गा शक्ति एप की दी जानकारी
राजौंद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कसान में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ दुर्गा शक्ति एप की जानकारी दी गई।
सोमवार को पुलिस चौकी किठाना से एएसआई राजेश यादव अपनी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ दुर्गा शक्ति एप की जानकारी दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य युद्धवीर सिंह, प्रवक्ता पवन कुमार, गुरविंद्र सिंह, भजन सिंह, कृष्ण कुमार, रोहतास पीटीआई, सुमन लता, अशोक कुमार, सचिन कुमार मौजूद रहे। संवाद
आत्मरक्षा विषय पर संवाद
कैथल। राजकीय माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 19 में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन सोमवार को हुआ। छात्राओं से विशेष संवाद कार्यक्रम में आत्मरक्षा से संबंधित सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। छात्राओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न टोल फ्री नंबर के बारे में बताया। साथ ही बताया गया कि किस प्रकार विकट परिस्थिति में इनका उपयोग करके स्वयं को सुरक्षित किया जा सकता है। बीआरसी कैथल गुलिंदर कौर, सुदेश कुमारी, प्रीति जैन ने छात्राओं को संबोधित किया। संचालन मुख्य अध्यापिका रीटा रानी ने किया। इस अवसर पर सुधा रानी शर्मा, नीलम, अंकिता यादव, उर्मिला आदि मौजूद रहे। संवाद
कार्यशाला में दी अच्छे और बुरे स्पर्श की जानकारी
पूंडरी। चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय पूंडरी में आत्मरक्षा पर एक दिन की वर्कशॉप की गई। इसका उद्घाटन बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल नूतन गोगना ने किया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि तनिष्क वालिया ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। साथ ही अच्छे व बुरे स्पर्श की जानकारी दी। ऐसी परिस्थितियों से स्वयं का बचाव कैसे किया जाए, यह भी बताया और खेलों के महत्व से अवगत करवाया। इस अवसर पर डॉ. पुष्पा रानी, अमिता रानी, सुमन वोहरा, मंजू और सुमित कुमार मौजूद रहे। संवाद