संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले की बेटियों ने एक बार फिर बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। नागपुर में आयोजित जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कैथल की नैतिक ने रजत और वंशिका ने कांस्य पदक जीते हैं।
कैथल के मानस गांव की 15 वर्षीय वंशिका ने अंडर-17 वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वंशिका के पिता नरेंद्र हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि माता मुकेश देवी गृहिणी हैं। वह डीएवी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है और पिछले कई वर्षों से इंडोर स्टेडियम कैथल में कोच अमरजीत के मार्गदर्शन में रोजाना सुबह-शाम तीन-तीन घंटे अभ्यास कर रही है।
इससे पहले वंशिका सब-जूनियर नेशनल में रजत और स्कूल स्टेट में स्वर्ण पदक जीत चुकी है, साथ ही स्कूल नेशनल में भी भाग ले चुकी है। नागपुर प्रतियोगिता में उसने पंजाब, वेस्ट बंगाल और कर्नाटक की खिलाड़ियों को हराकर शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं, कैथल के करोरा गांव की रहने वाली नैतिक ने 50 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। नैतिक के पिता रणदीप सिंह ट्रक ड्राइवर हैं और माता मैना देवी गृहिणी हैं। वह पिछले पांच वर्षों से बॉक्सिंग कर रही है। खेल की शुरुआत उसने भाना गांव में कोच देवेंद्र के पास की और बाद में कैथल में कोच अमरजीत के मार्गदर्शन में अपने खेल को निखारा।
नैतिक इससे पहले सब-जूनियर नेशनल और अंडर-15 सब-जूनियर नेशनल में स्वर्ण पदक जीत चुकी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।
नागपुर प्रतियोगिता में नैतिक ने मणिपुर को 4-1, वेस्ट बंगाल को आरएससी, हरियाणा को 5-0 और कर्नाटक को 5-0 से हराकर फाइनल में
प्रवेश किया और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। कठिन परिस्थितियों में भी इन खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
वंशिका