संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के करनाल रोड पर सोमवार को ढांड के नायब तहसीलदार अचिन रेलवे फाटक पर लंबी कतार देखकर रॉन्ग साइड से निकलने लगे, लेकिन यातायात पुलिस ने उन्हें मौके पर ही रोक लिया और 500 रुपये का चालान काट दिया। नायब तहसीलदार ने परिचय दिया, लेकिन पुलिस ने साफ किया कि कानून सबके लिए बराबर है।
दरअसल, नायब तहसीलदार अचिन सोमवार सुबह अपनी निजी गाड़ी में लघु सचिवालय कैथल जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े बजे जब वे रेलवे फाटक पर पहुंचे तो वहां पहले से लगी गाड़ियों की लंबी लाइन देखकर उन्होंने शॉर्टकट अपनाने की सोची इस पर पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ नायब तहसीलदार की गाड़ी रोकी और चालान काट दिया।
नायब तहसीलदार ने पुलिस टीम को अपना ओहदा बताया, लेकिन पुलिस अपनी ड्यूटी से टस से मस नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने दबाव बनाने की कोशिश भी की, लेकिन यातायात पुलिस नियमों के पालन पर अडिग रही। अंत चालान भरना पड़ा, तब जाकर उनकी गाड़ी छोड़ी गई।
नियम तोड़ोगे तो चालान कटेगा ः कैथल में रेलवे फाटक पर अक्सर लोग रॉन्ग साइड से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और हादसों का खतरा बढ़ता है। ट्रैफिक एसएचओ राजकुमार राणा ने कहा कि रेलवे फाटक पर नियम तोड़ने से हादसे बढ़ रहे हैं। इसलिए पुलिस इस इलाके में सख्त निगरानी कर रही है। कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई भी हो। उन्होंने अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।
पहले भी कट चुके हैं अफसरों के चालान ः कैथल की यातायात थाना की पुलिस पहले भी रसूखदारों पर कार्रवाई कर चुकी है। कुछ समय पहले यातायात थाना प्रभारी एसएचओ राजकुमार राणा ने सीआईडी डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज के बेटे का 17 हजार रुपये का चालान काटा था, जिससे पुलिस विभाग में खलबली मच गई थी। एसएचओ और एक सब-इंस्पेक्टर के बीच बहस तक हो गई थी।