मुस्लिम समाज के लोगों के अंतिम संस्कार के लिए बलबेहड़ा रोड पर स्थित कब्रिस्तान की हालत को सुधारने के लिए नगर पालिका चीका ने तकरीबन 65 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है। इतना ही नहीं नगर पालिका कब्रिस्तान की चार दीवारी से लेकर रास्ता बनाने तक का भी काम अपने जिम्मा लेगी। नगर पालिका अध्यक्षा अमनप्रीत कौर द्वारा वार्ड एक में मुस्लिम भाईचारे की एक बैठक बुलाई गई।
बैठक में पालिका अध्यक्षा अमनदीप कौर के प्रतिनिधि के तौर पर उनके पति व भाजपा कौशल क्रांति के प्रदेश सह संयोजक राजेश शर्मा पिंटू व चीका गांव में पड़ने वाले वार्डों के नगर पार्षद राजेश सीड़ा, रिंपल रानी, नीतू रानी, बलकार सिंह बल्लू के साथ साथ गुहला के एमसी कमल चौधरी शामिल हुए। इस मौके पर वार्ड के पार्षद राजेश सीड़ा ने बताया कि नगर पालिका ने कब्रिस्तान की चार दीवारी के लिए 65 लाख रुपये का टेंडर लगाया है जबकि उस तक जाने वाले रास्ते की हालत सुधारने के लिए 7 लाख रुपये से अधिक राशि खर्च करने का प्रावधान किया है। कहा जो भी काम हो उसमें लगने वाला सारा सामान निर्धारित उच्चतम क्वालिटी का हो, इसकी देखरेख मुस्लिम भाईचारा खुद करे।
वार्ड 17 के पार्षद बलकार सिंह बल्लू ने कहा नगर पालिका चीका अपने अधीन करवाए जाने वाले तमाम विकास कार्यों में जन भागीदारी सुनिश्चित कर रही है ताकि भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश न रहे।
मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान एस मुहम्मद ने कहा कि कब्रिस्तान की हालत पिछले दो तीन दशकों से खराब है जिस कारण अपने इंतकाल फरमा गए परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए लोगों को बहुत दिक्कतें आती हैं। उन्होंने पालिका अध्यक्षा व नगर पार्षदों का अपने समाज की तरफ से आभार प्रकट करते हुए हर तरह के सहयोग का भरोसा दिया। इस अवसर पर मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान एस मोहम्मद, उपप्रधान नूरदीन मुहम्मद , खुर्शीद, शीला खान, बचना, मेहरदीन, नसीम, वकील, राजेश खान, गुरजंट खान, मसीतादीन भी मौजूद रहे।