संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की प्रेरणा से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नगर में प्रभात फेरियों का आयोजन उत्साहपूर्वक जारी है। सोमवार को प्रभात फेरी वार्ड नंबर 10 की पार्षद ज्योति सैनी के निवास स्थान से निकाली गई।
समिति के प्रधान सुरेश सरदाना, सदस्य महेंद्र मुंजल व कृष्ण वधवा ने बताया कि प्रभात फेरी की शुरुआत श्री कृपा बिहारी मंदिर से ध्वजा यात्रा के साथ हुई। जैसे ही ध्वज प्रभात फेरी स्थल की ओर बढ़ा, वातावरण “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के गगनभेदी उद्घोषों से गूंज उठा। पालकी यात्रा का श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन गायक शक्ति शर्मा ने “फूलों से सजा दो नगरी को, मेरे कान्हा आने वाले हैं” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
उनके साथ धीरज गंभीर ने “लाडली श्यामा जू, रख लो मुझे भी बरसाने में” प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। राजीव मिड्ढा, पंकज अरोड़ा व केवल कृष्ण मिड्ढा ने भी अपने मधुर भजनों से माहौल को आध्यात्मिक रस में सराबोर कर दिया।
सभी श्रद्धालु श्रीकृष्ण के भजनों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें सोनू सैनी, मोहन सैनी, मक्खन आर्य, विकास शर्मा, विक्की ग्रोवर, कुलदीप, सुभाष, संतोष कामरा, गीतू आहूजा, रामदेवी व ऊषा मिड्ढा प्रमुख रहे।
श्रीकृष्ण कृपा सेवा समिति के अनुसार ये प्रभात फेरियां जन्माष्टमी तक प्रतिदिन नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य धर्म, संस्कृति व अध्यात्म का प्रसार कर युवा वर्ग को श्रीकृष्ण भक्ति से जोड़ना है।