संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 6 मई को माय भारत क्विज आयोजित होगा। इसके तहत जिले के 100 स्कूलों के करीब 3000 विद्यार्थी यह प्रारंभिक परीक्षा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्कूलों के क्विज नोडल को प्रतियोगिता के उद्देश्य, संचालन प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही क्विज के सिलेबस पर भी चर्चा होगी, ताकि विद्यार्थियों को संतुलित और सार्थक ज्ञान मिल सके। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धन के साथ-साथ देशभक्ति की भावना से भी जोड़ने का कार्य करेगी।
सांसद सांसद नवीन जिंदल का फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सौजन्य से इस परीक्षा का शुभारंभ पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाखौली अड्डा (कैथल) में होगा। कार्यक्रम में फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) और सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस) विद्यार्थियों व स्कूल नोडल शिक्षकों को संबोधित करेंगे।
गौरवशाली इतिहास से जोड़ने की पहल
सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि इस क्विज का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के प्रति सम्मान और भारत के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल का स्पष्ट विजन है कि हर नागरिक अपने दिल में तिरंगे के प्रति सम्मान रखे और उसकी गरिमा की रक्षा करते हुए राष्ट्रहित में योगदान दे। ‘माय भारत क्विज’ इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास करेगा।