कैथल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कैथल की छात्रा मुस्कान ने स्टेनोग्राफर एवं सेक्रेटेरियल असिस्टेंट हिंदी ट्रेड की जुलाई में हुई परीक्षा में 600 में से 600 अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की। परीक्षा परिणाम 10 अगस्त को घोषित हुआ।
गांव नरड़ निवासी मुस्कान ने ट्रेड प्रैक्टिकल में 250 में से 250, एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स में 50 में से 50, ट्रेड थ्योरी में 100 में से 100 तथा फॉर्मेटिव असेसमेंट में 200 में से 200 अंक प्राप्त किए। इस तरह उन्होंने सभी विषयों में पूर्ण अंक हासिल किए। मुस्कान की सफलता से आईटीआई में खुशी का माहौल है। संस्थान के शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और उन्होंने मेहनत, लगन व सही मार्गदर्शन के महत्व को साबित किया है। संवाद