संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय, कौल में नशा मुक्ति जागरूकता सेल, तंबाकू नियंत्रण सेल एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ड्रग एडिक्शन एंड ड्रग एब्यूजमेंट तथा नशीली दवाओं की लत का समाज एवं व्यक्ति पर प्रभाव विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा मुस्कान ने प्रथम, बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र तुषार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की छात्राएं मुस्कान और कीर्ति ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. पुष्पा और डॉ. कोमल ने भूमिका निभाई।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल के निर्देशन और कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. कुसुम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. मुकेश चहल ने बताया कि छात्र-छात्राओं ने अपने विचारों, लेखन और रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से नशा मुक्ति का सशक्त संदेश समाज तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना जगाते हैं।
सरकार चला रही जागरूकता मुहिम ः डॉ. मुकेश चहल ने कहा कि सरकार नशा मुक्ति के क्षेत्र में अनेक प्रभावी कदम उठा रही है — जैसे नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार पर रोक, नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना, और शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देना। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में नशा मुक्ति के संदेश को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नशा मुक्ति समाज के विकास से जुड़ा मानवीय उद्देश्य
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. कुसुम ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में नशे और तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा नशा मुक्ति केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास से जुड़ा एक मानवीय उद्देश्य है। नशे से दूर रहकर हम न केवल स्वयं को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और एकता को भी बढ़ावा देते हैं।