गांव पाड़ला में नाबालिग से दुराचार और उसके परिजनों द्वारा आरोपी युवक की हत्या एवं दूसरे युवक को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में गांव में शनिवार रात व रविवार को पीसीआर तैनात रही। गांव में देर शाम अज्ञात युवकों द्वारा युवक के मर्डर पर देख लेने की धमकी के बाद दहशत का माहौल रहा। वहीं रविवार सुबह दोनों पक्षों के लोग एसपी व डीएसपी से मिले और अपनी-अपनी शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।
विदित रहे कि गांव पाड़ला में एक लड़की से मिलने गए युवक प्रदीप कुमार व उसके नाबालिग दोस्त को लोगों ने पकड़ लिया तथा पिटाई के चलते प्रदीप की मौत हो गई थी। वहीं उसके नाबालिग दोस्त को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नेशनल हाइवे पर जाम भी लगाया था। देर शाम इस मामले में लड़की ने पुलिस में शिकायत देकर प्रदीप व अन्य पर दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज करवाया था।
पुलिस पहरे में कटी रात
गांव पाड़ला में हुई युवक की हत्या के मामले में दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग लड़की की सुरक्षा के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पूरे दिन पुलिस की पीसीआर गांव के चारों को चक्कर काटती रही। पीड़िता की मां बताया कि उसके पति कई दिनों से बाहर गए हुए हैं। तीन मार्च की रात वह अपने परिवार के साथ सोई हुई थी। रात उसकी 15 वर्षीय बेटी लघुशंका के लिए गई थी। तभी किसी ने गेट खटखटाया। उसकी बेटी ने सोचा कि उसके चाचा खेतों से आए हैं। उसने गेट खोल दिया गेट के बाहर दो युवक खड़े थे, युवक उसकी बेटी को पकड़ कर ले गए। इसके बाद करीब एक घंटे के बाद आरोपी उसकी बेटी को घर के बाहर फेंक कर चले गए। वहीं पर कुछ लोगों ने उनको पकड़ लिया। उसकी बेटी इस सदमे से सहमी रही। सुबह उसकी बेटी ने बताया कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। जिस पर पुलिस का सूचित किया गया।
दो अज्ञात युवकों ने दी जान से मारने की धमकी
नाबालिग लड़की की मां ने बताया कि 4 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे दो युवक बाइक पर आए थे। जिन्होंने घर के पिछले गेट पर आकर महिलाओं को धमकी दी थी कि उनको सबक सीखाएंगे और उनको छोड़ेंगे नहीं। महिला ने बताया कि उसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल मौके पर पहुंची। पूरी रात उनको दहशत में पुलिस पहरे में काटनी पड़ी है।
हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी से मिले मृतक युवक के परिजन
गांव दिल्लोंवाली व मालखेड़ी के लोग युवक की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी सुमेर प्रताप सिंह से मिले। लोगों ने एसपी से कहा कि करीब 13 लोग हत्या करने में शामिल है जिनको गिरफ्तार किया जाए। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच निष्पक्षता से चल रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
हत्यारोपी पांचवां व्यक्ति भी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश किया
सदर थाना एसएचओ अमन बैनीवाल ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चार आरोपियों को पुलिस ने चार मार्च को ही गिरफ्तार कर लिया था। देर शाम को एक और आरोपी को काबू किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।