परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गांव पाड़ला में प्रदीप की हत्या के बाद जिला अस्पताल में दिन भर तनाव का माहौल रहा। परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई घंटे इंतजार किया। दोपहर तक जब किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली तो लोग जिला अस्पताल के सामने स्थित नेशनल हाइवे पर आ डटे। जहां करीब एक घंटे तक जाम के कारण लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही परिजनों ने जाम खोला। परिजनों का कहना था कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी या रंजिश नहीं थी।
मृतक के पिता गांव दिल्लोवाली निवासी सतबीर ने बताया कि उसका 18 वर्षीय बेटे प्रदीप की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे वह एक शादी समारोह में गया था। उसके साथ उसका दोस्त मालखेड़ी निवासी किशोर भी था। वह शादी से आते समय एक उनके गांव के पाड़ला निवासी एक दोस्त को छोड़ने के बाद जब वापस लौट रहे थे तो गली में कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया ओर उन्होंने पकड़ कर बंधक बना लिया। दोनों युवकों को पीछे से बांधकर पूरी रात लाठी, डंडो व राड से पिटाई की। सुबह करीब चार बजे गांव पाड़ला से ही उनके पास फोन आया। वह गांव के कुछ लोगों को साथ लेकर गांव पाड़ला में गए और उन्होंने गांव के कुछ लोगों से बेटे की गलती के लिए उन्होंने माफी मांगी। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उसके बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद उसने मोहित व उसके बेटे के शव को वहां से बरामद किया।
जब अस्पताल में एकत्रित हो गए दोनों गांवों के लोग
प्रदीप के शव को लेकर गांव दिल्लोवाली के लोग जिला अस्पताल में पहुंचे हुए थे। इसी बीच गांव पाड़ला से कुछ लोग आ गए। उनके आने के बाद मृतक पक्ष के लोग भड़क गए और उन्होंने उनको वहां से चले जाने के लिए कहा। मौके पर मौजूद डीएसपी तरुण कुमार ने उनको वहां से चल जाने के लिए कहा। वह लोग जब गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो कुछ युवकों ने उनको पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वह मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। जिला अस्पताल में पूरे दिन तनाव की स्थिति रही। जिस कारण तीन एसएचओ, दो डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इकलौता बेटा था कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप
दिल्लोवाली निवासी प्रदीप परिवार में इकलौता बेटा था। वह कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी है। गांव पाड़ला के एक स्कूल में कक्षा बारहवीं में पढ़ता था।
गली में खड़ा होकर कर रहा था लड़की से बात
एसपी सुमेर प्रताप ने बताया कि सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले किशोर के बयान पर केस दर्ज किया गया है। जिसमें उसने बताया कि वह अपने दोस्त प्रदीप निवासी दिल्लोवाली सहित 3 मार्च को उनके सांघन निवासी दोस्त राजू के बड़े भाई की शादी में गए थे। वहां से प्रदीप के एक दोस्त को पाड़ला छोड़ने के लिए तीनों बाइक पर रात करीब 11 बजे पाड़ला पहुंचे। जहां उसके दोस्त को छोड़कर प्रदीप ने गली में बाइक रोककर एक मकान में आवाज लगाई और किसी लड़की को गली में बुलाकर बातचीत कर रहा था। इसी बीच लड़की के परिजन आ गए और हमें बंधक बनाकर पशुबाड़े में ले जाकर मारपीट की। इससे प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया्।