विधायक के ब्यान पर उनके खिलाफ नारेबाजी करते निगम के ठेकेदार।
पूंडरी। पूंडरी हलके के बिजली निगम के ठेकेदारों की बैठक मंगलवार को पूंडरी निगम कार्यालय स्थित शिव मंदिर में हुई। बैठक में मौजूद सभी ठेकेदारों ने विधायक सतपाल जांबा की ओर से निगम के ठेकेदारों और अधिकारियों को भ्रष्टाचारी बताए जाने की निंदा की व विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने एलान किया कि वे 30 जून के बाद पूंडरी डिवीजन में कार्य नहीं करेंगे।
ठेकेदार नसीब पबनावा ने कहा कि विधायक ने बिजली बोर्ड के सभी ठेकेदारों को भ्रष्ट कहकर बयान दिया था। जब भी वे विधायक की कोई भी पोस्ट देखते हैं तो वे कई विभागों को भ्रष्टाचारी और चोर बनाने के संबंध में बयान देते हैं जिसका वे कड़ा विरोध करते हैं। विधायक की इस प्रकार की बयानबाजी से आहत होकर सभी ठेकेदारों और कर्मचारियों ने पूंडरी हलके में मजदूरी का काम बंद कर दिया है।
आंधी तूफान में कोई भी खंभा गिरेगा तो वे उसे खड़ा नहीं करेंगे, कोई ट्रांसफार्मर नहीं रखेंगे और आज ही उनका टेंडर भी समाप्त हो गया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि कोई भी ठेकेदार बिजली विभाग के काम में भागीदारी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से उनका लेबर रेट वही चल रहा है जबकि 2017 से अब तक डीजल, लेबर व अन्य खर्चे कई गुना बढ़ चुके हैं। इसके बावजूद ठेकेदार घाटा सहकर भी बिजली लाइनें चला रहे हैं और प्राकृतिक आपदा में भी दिन-रात लाइन दुरुस्त करने का काम करते हैं।
अब नया टेंडर शुरू होने वाला है। मांग है कि बिजली विभाग उनका लेबर रेट बढ़ाए। ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनके प्रति विधायक का ऐसा रवैया रहा तो आगे से वे इस हलके में काम नहीं करेंगे।
विधायक के ब्यान पर उनके खिलाफ नारेबाजी करते निगम के ठेकेदार।