फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: जर्जर सड़कों पर सांसद सख्त, अफसरों को दिए मरम्मत जल्द कराने के निर्देश

Sat, 28 Mar 2026 01:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। लघु सचिवालय में शुक्रवार को सांसद नवीन जिंदल की अध्यक्षता में दिशा की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिले की सड़कों की खराब हालत को लेकर सांसद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जर्जर सड़कों के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद ने कैथल-चीका रोड सहित कई प्रमुख मार्गों की खराब स्थिति पर चिंता जताई। बैठक में पूंडरी से पाई, ढांड से कुरुक्षेत्र, फ्रांसवाला रोड, कैथल से सिसला धाम, तितरम मोड़ से चौ. छोटूराम चौक, डंडोता से बाउपुर सहित अन्य सड़कों की बदहाल हालत पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गड्ढों की जल्द मरम्मत सुनिश्चित की जाए और जिन सड़कों का निर्माण आवश्यक है, उनके टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
विज्ञापन


बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक पहुंच की विस्तृत समीक्षा की गई। उद्देश्य योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन कर यह सुनिश्चित करना रहा कि पात्र व्यक्तियों तक लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे। पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।

सांसद नवीन जिंदल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग तालमेल से कार्य करें और फील्ड में जाकर परियोजनाओं की नियमित निगरानी करें। लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में तकनीकी दिक्कत आती है तो उसे तुरंत उनके और जिला उपायुक्त के संज्ञान में लाया जाए। विकास कार्यों में देरी और लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। सांसद ने चीका स्टेडियम का निर्माण कार्य 31 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए। डीसी ने भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। साथ ही क्योड़क में बन रहे लुवास के रीजनल सेंटर, राजौंद में सड़क और एसटीपी प्लांट के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान पूंडरी विधायक सतपाल जांबा और कलायत विधायक विकास सहारन ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा। बैठक में डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी सुशील कुमार, सीईओ सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा मौजूद रहे।
विज्ञापन


समय रहते नहरों और ड्रेनों की सफाई करने के लिए भी कहा

बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद नवीन जिंदल ने घग्गर नदी सहित अन्य नहरों और ड्रेनों की समय रहते सफाई और डिसिल्टिंग कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया। इसके अलावा सांसद ने जिले के स्टेडियमों के कायाकल्प पर भी जोर देते हुए कहा कि इस वर्ष सभी स्टेडियमों को बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाए, ताकि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिले और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकें। सांसद ने कहा कि डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड के दौरान सड़क की मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होती है। यदि ठेकेदार लापरवाही करता है तो उसकी बैंक गारंटी जब्त कर विभाग द्वारा कार्य पूरा करवाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें