अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव व राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला की विवादित टिप्पणी पर करनाल के सांसद संजय भाटिया ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सुरजेवाला भाजपाइयों और उन्हें वोट देने वालों को राक्षस बता रहे हैं, लेकिन भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा तो देवता तुल्य हैं, कम से कम उन्हीं का समर्थन कर लें। इनका हर समय आपस में ही झगड़ा रहता है।
पार्क रोड स्थित शहीद मदन लाल ढींगरा स्मारक परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान बतौर मुख्य अतिथि सांसद संजय भाटिया ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत माता की जय बोलने वाले लोगों से अधिक दुख है।
यही कारण है कि वे लोगों को आपस में जातियों में बांटते हैं। भाटिया ने कहा कि जिस हिंदुस्तान का हम खा रहे हैं। उसके प्रति अच्छी सोच रखने की बजाय वे राजनीति करते हैं। साथ ही देश हित में काम करने वाली पार्टी को नकली बताते हैं।