पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनते सांसद नवीन जिंदल। संवाद
गुहला चीका। सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल गुहला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और खिलाड़ियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। सांसद ने कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया जबकि अन्य समस्याओं को जल्द दूर कराने का आश्वासन दिया।
सांसद नवीन जिंदल ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करना उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की और खेल स्टेडियमों को दुरुस्त कराने की बात कही। नवीन जिंदल ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें खेल और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। खेलों से युवा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे वहीं कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के बारे में युवाओं को जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा और उनके अभिभावक सेंटर का दौरा कर अपनी रुचि के अनुसार कौशल प्रशिक्षण का चयन कर सकते हैं। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भी विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह, नगर पालिका चेयरपर्सन रेखा रानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चीमा और गुहला हल्का प्रभारी कर्मवीर सिसोदिया सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनते सांसद नवीन जिंदल। संवाद