संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में छात्राओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और परीक्षा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए ‘शी कैंप– स्ट्रोंग, हेल्थी एंड एग्जाम रेडी गर्ल्स’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नवीन जिंदल फाउंडेशन के सहयोग से महाविद्यालय के आईसीकैश सेल और वुमन सेल के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हर्षिता रानी ने छात्राओं के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं।
इस अवसर पर राम बहादुर ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं का हौसला बढ़ाते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा में प्रेरित करते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि आज के समय में छात्राओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर करती है।
इस दौरान काउंसलर मिस राज ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और भावनात्मक परिवर्तनों, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संतुलित जीवनशैली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर आईसीकैश सेल
इंचार्ज प्रो. रितु गुप्ता, वुमन सेल इंचार्ज डॉ. हेमलता, प्रो. सपना गोयल सहित महाविद्यालय का अन्य स्टाफ भी
उपस्थित रहा।