संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सांसद नवीन जिंदल के नेतृत्व में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में अब तक तीन लाख से अधिक प्रतिभागियों का पंजीकरण हो चुका है। यह आयोजन न केवल खेलों के प्रति रुचि बढ़ा रहा है, बल्कि प्रधानमंत्री फिट इंडिया अभियान के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने में सहायक साबित हो रहा है।
सांसद नवीन जिंदल स्वयं एक खिलाड़ी रहे हैं और महोत्सव के आयोजन से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम को निर्देश दिए हैं कि खेल महोत्सव को क्षेत्र में भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए। इसके लिए सांसद ने पंजीकरण से लेकर आयोजन तक की सभी गतिविधियों पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखी।
जिलों के दौरे के दौरान सांसद ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे खेलों के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्टेडियमों में पानी, स्वच्छता, फर्स्ट एड और तकनीकी सहयोग समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद का मानना है कि इस महोत्सव से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी और ग्रामीण अंचलों में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। यह आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना और अनुशासन को भी विकसित करेगा।
सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देना, उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सभी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।
महोत्सव के तहत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में 15 खेलों में प्रतिस्पर्धा होगी, जिनमें क्रिकेट, बॉडी बिल्डिंग, रस्सीकूद, तीरंदाजी, हॉकी, जूडो, कुश्ती, मुक्केबाजी, निशानेबाजी, रस्साकशी, कबड्डी, पोलो, खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और हेल्थ वेलनेस एक्टिविटी शामिल हैं। महोत्सव के दौरान पोलो का डेमोंस्ट्रेशन मैच भी खेला जाएगा।