संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। कॉलेज में अब तक 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में छात्राओं की रुचि देखने को मिल रही है, लेकिन बीकॉम को लेकर सबसे अधिक उत्साह नजर आ रहा है। बीकॉम पाठ्यक्रम में अब तक 120 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं।
कॉलेज परिसर में सुबह से ही आवेदन संबंधी जानकारी लेने पहुंचने वाली छात्राओं की अच्छी संख्या देखी जा रही है। छात्राओं की सुविधा के लिए कॉलेज प्रशासन ने हेल्प डेस्क भी स्थापित की है, जहां उन्हें कोर्स, सीटों और दाखिला प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जा रही है। बीकॉम के बाद बीए पाठ्यक्रम में सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से 7 मई से ऑनलाइन दाखिला पोर्टल शुरू किया गया था, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया लगातार गति पकड़ रही है। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि आगामी दिनों में आवेदन संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिलेभर में अब तक करीब 664 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। वहीं पाठ्यक्रमवार आंकड़ों की बात करें तो जिले में बीए के लिए सबसे अधिक 324 आवेदन आए हैं।
क्षेत्र की महिलाओं को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस कॉलेज की नींव शिक्षाविद एवं समाज सुधारिका ओम प्रभा जैन ने रखी थी। कॉलेज का उद्घाटन 10 अप्रैल 1970 को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल द्वारा किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना रहा है।
कॉलेज का इतिहास और उपलब्धियां
कॉलेज को नेशनल असेसमेंट एंड एक्रिडिटेशन काउंसिल की ओर से ‘बी’ ग्रेड से सम्मानित किया जा चुका है। कॉलेज की 20 से अधिक छात्राएं लगातार कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की मेरिट सूची में स्थान बना चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर के युवा महोत्सवों और अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए हैं।
दाखिला शेड्यूल
ऑनलाइन पंजीकरण :
31 मई तक
आवेदन फॉर्म जमा :
1 जून तक
दस्तावेज सत्यापन :
6 जून तक
पहली मेरिट सूची :
10-11 जून
फीस जमा :
12 से 15 जून
दूसरी मेरिट सूची :
16-17 जून
फीस जमा :
18 से 22 जून
24 जून से फिजिकल काउंसलिंग
26 जून से 10 जुलाई तक विलंब शुल्क के साथ प्रवेश
सीटों का विवरण
बीए :
400 सीटें
बीकॉम
180 सीटें
बीएससी नॉन मेडिकल
160 सीटें
बीएएमसी
40 सीटें
बीएससी मेडिकल
60 सीटें
बीसीए
40 सीटें
बीए सांध्यकालीन
40 सीटें
बीकॉम सांध्यकालीन
40 सीटें
पंजीकरण प्रक्रिया बिना किसी रुकावट और देरी के जारी है तथा विद्यार्थी लगातार आवेदन करने के लिए पहुंच रहे हैं।
-प्राचार्य डॉ. आरती गर्ग