फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: बस अड्डे पर बंदरों के उत्पात से यात्री परेशान

Wed, 06 May 2026 01:46 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
कैथल के बस अड्डे पर मौजूद बंदर। संवाद - फोटो : Samvad
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


कैथल। शहर के मुख्य बस अड्डे पर इन दिनों बंदरों का आतंक देखने को मिल रहा है। बस अड्डे पर घूम रहे बंदर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए मुसीबत बन गए हैं। कभी ये यात्रियों के हाथ से खाने-पीने का सामान छीन लेते हैं तो कभी चश्मा या अन्य जरूरी वस्तुएं लेकर भाग जाते हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

बस अड्डा होने के कारण यहां हर रोज बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं, लेकिन बंदरों की बढ़ती संख्या के चलते लोग असहज महसूस कर रहे हैं। खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे इन बंदरों से ज्यादा परेशान हैं। यात्रियों का कहना है कि कई बार प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
विज्ञापन


दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे यात्री रमेश कुमार ने बताया कि बस का इंतजार करते समय एक बंदर अचानक आया और उनके हाथ से बिस्कुट का पैकेट छीनकर भाग गया। बस अड्डे पर खड़े रहना भी मुश्किल हो गया है। कैथल निवासी प्रताप ने कहा कि वह अपने बच्चे के साथ बस का इंतजार कर रहा था, तभी बंदर पास आ गया। डर के कारण बच्चों की चीख निकल गई। अचानक वहां से हटना पड़ा। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए और बंदरों को यहां से हटाने का इंतजाम करना चाहिए।
विज्ञापन


यात्री दीपक ने बताया कि बंदर कई बार चश्मा और मोबाइल तक छीन लेते हैं। लोग डर के कारण अपना सामान छिपाकर रखते हैं, लेकिन फिर भी सुरक्षित महसूस नहीं करते। दुकानदार धनंजय ने बताया कि बंदरों के कारण उनका काम प्रभावित हो रहा है। बंदर दुकान पर रखे खाने-पीने के सामान को नुकसान पहुंचाते हैं और कई बार ग्राहकों को भी डरा देते हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो ये बंदर किसी को भी काट कर घायल कर सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें