गुहला-चीका। डीसी डॉ. विवेक भारती वीरवार को गुहला अनाज मंडी का दौरा किया। दौरा करने के दौरान डीसी ने किसानों, आढ़तियों से मुलाकात भी की। इस मौके पर डीसी ने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
जिला प्रशासन की ओर से 17 प्रतिशत नमी तक वाला धान खरीदा जा रहा है। उन्होँने कहा कि धान खरीद कार्य समुचित तौर पर चले, इसके लिए उच्चाधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। संबंधित एसडीएम को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे निरंतर मंडियों का दौरा करते रहें और किसानों की फसल का समय पर खरीद करवाना सुनिश्चित करें। धान खरीद कार्य के दौरान गेट पास, पर्याप्त स्टाफ, पीने के पानी, बिजली, शौचालय आदि सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने धान के रख-रखाव, झराई, तुलाई, नमी की जांच संबंधित फसल खरीद के सभी पहलुओं की बारीकी से जानकारी ली। किसानों से बातचीत कर पूछा कि मंडी में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी तो नही। उन्होंने किसानों व आढ़तियों का आश्वस्त किया कि किसानों को धान बिक्री के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस समय ज्यादातर धान में नमी की मात्रा निर्धारित मापदंड से अधिक है, इसलिए किसानों से अनुरोध है कि वे अपनी फसल सुखाकर लाएं, ताकि मंडी में फसल की खरीद की जा सके। इस मौके पर एसडीएम कृष्ण कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद