कैथल। राजौंद में स्कूल भवन की कमी झेल रहे विद्यार्थियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग की ओर से राजौंद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नए सिरे से संस्कृति मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की इमारत का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने छह करोड़ 40 लाख रुपये का बजट मंजूर किया है। यह नई इमारत चार मंजिला होगी, जिसमें ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को विभिन्न कक्षाओं में दाखिला दिया जा सकेगा।
राजौंद के राजकीय स्कूल में गांव मंडवाल, रोहेड़ा, माजरा, खुरड़ा, किछाना, नीमवाला व बीर बांगड़ा सहित अन्य गांवों से सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। ऐसे में नई इमारत का निर्माण होने से इन विद्यार्थियों को काफी लाभ होगा।
शिक्षा विभाग के आदेशानुसार स्कूल की पुरानी और जर्जर हो चुकी इमारत को तोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पुराने कमरों को गिराया जा रहा है और नए कमरों के निर्माण के लिए जगह तैयार की जा रही है। विभाग की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि यह कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि स्कूल की इमारत बनाने के लिए राशि मंजूर हो चुकी है। जल्द ही इसके लिए टेंडर लगाया जाएगा। विभाग की ओर से निर्माण संबंधित तैयारियां की जा चुकी हैं। उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा।