कैथल। साइबर ठगों ने गांव छोत निवासी सुखराज का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 1 लाख 91 हजार 87 रुपये निकाल लिए। इस संबंध में साइबर थाना में शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव छोत निवासी सुखराज ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 नवंबर को वे अपने घर पर थे और मोबाइल चला रहे थे। शाम करीब 4:15 बजे उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया और काम करना बंद कर दिया। अगले दिन 24 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे उनका मोबाइल दोबारा चलने लगा। फोन चालू हुआ तो रुपये कटने के मैसेज मिले। मोबाइल ऑन करने पर उसे खाते से 1 लाख 91 हजार 87 रुपये कटने के मैसेज मिले। अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक करके यूपीआई के माध्यम से ये रुपये निकाले हैं।
-
संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें : एसपी
एसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आमजन से अपील है कि किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करके अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा करें।
-
पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी
- सरकारी योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या कार्यालय से प्राप्त करें।
- रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग चार्ज या सब्सिडी जारी करवाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें।
- बैंक खाता नंबर, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
- व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध लिंक और फर्जी आवेदन फॉर्म से बचें।
- सरकारी योजना का लाभ दिलाने का दावा करने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि अवश्य करें।