कैथल। लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए अनेकों ऑनलाइन मोबाइल एप शुरू किए हुए हैं, जो मतदाताओं के साथ-साथ उम्मीदवारों के लिए भी लाभदायक हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रशांत पंवार ने दी है।
उन्होंने बताया कि एप का प्रयोग कर सरल तरीके से घर बैठे ही चुनाव से संबंधित जानकारियां एवं समस्याओं का समाधान पा सकते हैं। बताया कि 18 साल का कोई युवक या युवती अपना वोट बनवाना चाहता है तो वह ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। आदर्श आचार संहिता की कहीं अवहेलना हो रही है तो उसकी फोटो या वीडियो बनाकर शिकायत भेजा जा सकता है, जिसका निवारण निर्वाचन कार्यालय की ओर से 100 मिनट में किया जाएगा। उम्मीदवारों की संपत्ति के विवरण को देखने के लिए आयोग ने शपथ पत्र पोर्टल बनाया है। इस एप पर किसी उम्मीदवार की चल-अचल संपत्ति, हलफनामे को ऑनलाइन देखा जा सकता है। बताया कि इसी प्रकार भारत निर्वाचन आयोग ने बूथ एप के माध्यम से मतदाताओं की डिजिटल पहचान करने की सेवा शुरू की है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप को अपने ईपीआईसी कार्ड से जोड़कर अपनी मतदाता पर्ची को डाउनलोड कर सकते हैं। वोटर टर्नआउट एप में कुल जनसंख्या के अनुपात में बने वोटों की संख्या को देखा जा सकता है। दिव्यांगों की सुविधा के लिए आयोग ने पीडब्ल्यूडी एप आरंभ किया है। इस एप का प्रयोग कर दिव्यांगजन अपने नाम, मतदाता पहचान पत्र आदि की जांच कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर इन सभी एप और उनके बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की है।