पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने उप तहसील ढांड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने विंडो पर खड़े हुए लोगों से बातचीत की। विधायक ने लोगों से पूछा कि आपको तहसील में अपने कार्यों के लिए किसी प्रकार की कोई दिक्कत तो नही है। लोगों ने कहा कि काम तो बन रहे है, लेकिन सबसे ज्यादा समस्या तहसील में दिनभर बिजली ना आने से होती है।
लोगों ने बताया कि कई बार तो पूरा दिन बिजली के इंतजार में बैठे रहते है और काम नही हो पाते। विधायक ने नायब तहसीलदार को कहा कि काम के सिलसिले में तहसील में आम जनता को किसी प्रकार की कोई समस्या नही आनी चाहिए।
बेवजह लोगों को परेशान ना किया जाए। विधायक ने कहा कि नायब सरकार प्रदेश में जीरो टारलेंस पर काम के पक्ष में है। तहसील परिसर में किसी प्रकार के दलालों को शरण ना दी जाए। भविष्य में अगर तहसील परिसर में किसी कार्य में बिचौलिया आए तो उसकी शिकायत मुझे दें उसका इलाज मैं करवा दूंगा।
नायब तहसीलदार ने विधायक को कहा कि पटवारियों के बैठने के लिए कोई जगह नही है। तहसील परिसर में जगह खाली पड़ी है। अगर वहां पर पटवारियों के बैठने के लिए बिल्डिंग बनवाई जाए तो आम जनता को इससे काफी फायदा होगा। नायब तहसीलदार ने विधायक को कहा कि बिजी बोर्ड से तहसील को हाट लाइन से जोड़ा जाए तो बिजली की समस्या समाप्त हो जाएगी और लोगों को काम के लिए लंबा इंतजार नही करना पड़ेगा। विधायक ने आश्वासन दिया है कि तहसील को हाट लाइन से जोड़ा जाएगा और पटवारियों के बैठने के लिए कमरे तथा खाली जगह में मिट्टी डलवाकर पार्क बनवाया जाएगा।