संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। हलका गुहला विधायक देवेंद्र हंस ने सीवन नगरपालिका में खुला दरबार लगाया और लोगों की समस्याएं सुनी। नगर पालिका सीवन में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस जन सुनवाई कार्यक्रम में लोगों ने गलियों की मरम्मत और निर्माण, जल निकासी, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित अपनी समस्याएं रखी। विधायक ने विशेष रूप से गलियों की खराब स्थिति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण और मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाए।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा में पूरे किए जाएं। जन सुनवाई के दौरान नागरिकों ने जल निकासी की उचित व्यवस्था, कचरे के समय पर निपटान और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति जैसी समस्याएं भी रखीं। इन पर विधायक ने अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया। विधायक ने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आश्वासन दिया कि लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी। इस अवसर पर नगरपालिका सचिव दीपक कुमार, गज्जन सिंह गोबिंदपुरा, अधिवक्ता गौरव वधवा, पाली सैनी व अन्य मौजूद रहे।