ढांड। हलका विधायक सतपाल जांबा ने धान खरीद को लेकर मार्केट कमेटी ढांड में राइस मिल एसोसिएशन व अनाज मंडी एसोसिएशन के साथ बैठक की। जिसमें पीआर धान खरीद में आ रही समस्याओं पर विस्तार से बातचीत की।
जांबा ने कहा कि किसानों की ओर से शिकायतें की जा रही है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम रेट पर उनकी धान खरीदी जा रही है। अगर यह बात सच साबित हुई तो ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए वचनबद्ध है। अगर इस कार्य में खरीद एजेंसियों द्वारा किसी भी प्रकार की कोताही बरती गई तो वह सहन नहीं की जाएगी और ऐसे अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विधायक ने डीएफसी को निर्देश दिए की अनाज मंडियों में नियमित रूप से अधिकारी खरीद करना सुनिश्चित करें और खरीदे गए माल को निश्चित समय अवधि में उठान करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि खरीद के बाद किसानों के खाते में पेमेंट डालने का काम प्राथमिकता से करें। अगर किसी किसान की पेमेंट समय पर नहीं डालने की शिकायत आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी ईमानदारी के साथ कार्य करें। विधायक ने राइस मिलों को आश्वासन दिया है कि आप खरीद में सरकार का सहयोग करें इसके बाद अगर कोई भी अधिकारी आपसे किसी प्रकार की रिश्वत की बात करता है तो उसकी शिकायत तुरंत मुझे करें। ऐसे अधिकारियों को सीधा करना हमारा काम है।
इस अवसर पर डीएफसी निशांत राठी, मार्केट कमेटी सचिव देवेंद्र, मंडी प्रधान नरेश सहारन, गुलाब पाबला राइस मिल एसोसिएशन प्रधान, जितेंद्र पोला, रमेश गुर्जर, डॉ राजेश, लाला राम कुमार, हैफेड खरीद एजेंसी अधिकारी निरंजन, खाद्य एवं आपूर्ति इंस्पेक्टर नीरज भी मौजूद रहे। संवाद