संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। विधायक सतपाल जांबा ने शनिवार को हलके के विभिन्न गांवों में 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें ढांड गांव में 45 लाख की लागत से सरकारी स्कूल में पांच कमरे और खेड़ी रायवाली गांव में 68 लाख की लागत से पार्क-व्यायामशाला का निर्माण प्रमुख हैं।
उन्होंने सबसे पहले गांव रावणहेड़ा व जीतगढ़ में आठ-आठ लाख रुपये की लागत से बनने वाली चौपालों का शिलान्यास किया। इसके बाद गांव टीक में करीब सात लाख रुपये से बनने वाली गली, गांव ढांड के सरकारी स्कूल में 45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पांच कमरों, तथा गांव खेड़ी रायवाली में 68 लाख रुपये से बनने वाले पार्क कम व्यायामशाला का शिलान्यास किया।
इसके अतिरिक्त विधायक ने गांव बेगपुर में छह लाख रुपये की लागत से बनने वाली गली, गांव बरोट के सरकारी स्कूल में छह लाख रुपये से बनने वाले लोहे के शेड, गांव रंगा की चौपाल में 8.65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हाल, गांव चुहडमाजरा में नौ लाख रुपये की लागत से बनने वाली गली, गांव धेरडू में पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाली ब्रह्मानंद आश्रम की चारदीवारी, और गांव आहूं में 11.52 लाख रुपये से बनने वाली गली के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया।
इस मौके पर विधायक जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तीन गुना रफ्तार से हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से पूंडरी क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने बताया कि पूंडरी के विकास के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की गई है, जिनमें से अधिकांश पर काम शुरू हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बीते दिन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कुरुक्षेत्र से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गांव धेरडू स्थित गुरु ब्रह्मानंद नर्सिंग कॉलेज के भवन का उद्घाटन किया, जो पूंडरी हलके ही नहीं, बल्कि जिले और प्रदेश के लिए भी एक बड़ी सौगात है।